भोपाल/नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की झाबुआ-रतलाम संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद दिलीप सिंह भूरिया (71) का बुधवार को निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार थे और उन्हें उपचार के लिए गुड़गांव के वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूरिया के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी हितेश वाजपेयी ने आईएएनएस को बताया कि भूरिया का गुड़गांव स्थित वेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां बुधवार सुबह लगभग 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
वाजपेयी ने बताया कि उन्हें पिछले पखवाड़े मस्तिष्काघात हुआ था। उनका पहले इंदौर के अपोलो अस्पताल में इलाज चला और उसके बाद उन्हें वेदांता अस्पताल ले जाया गया था।
प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली में जारी एक शोक संदेश में कहा, “दिलीप सिंह भूरिया के निधन के साथ हमने एक वरिष्ठ नेता खो दिया है, जिसने जनजाति समुदाय के लिए बहुत सारे काम किए हैं। उन्हें मध्य प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर वर्षों का संसदीय अनुभव था।”
मोदी ने शोक संदेश में कहा, “दुख की इस घड़ी में मेरी भावना भूरिया के परिवार के साथ है। उनकी आत्मा को शांति मिले।”
भूरिया छठी बार झाबुआ-रतलाम संसदीय क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुए थे। वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में राष्ट्रीय जनजाति आयोग के अध्यक्ष थे। वह भाजपा में आने से पहले लम्बे समय तक कांग्रेस से सांसद और विभिन्न पदों पर रहे हैं। उनका गुरुवार को झाबुआ में अंतिम संस्कार होगा।
dharmpath.com dharmpath