मोदी ने जम्मू-बारामूला रेल संपर्क प्रगति की समीक्षा की

श्रीनगर, 24 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को जम्मू-बारामूला रेल संपर्क की प्रगति का जायजा लिया। यह जानकारी एक अधिकारी ने यहां दी।

मोदी ने अपने प्रो-एक्टिव गवर्नेस एंड टाइमली इंप्लीमेंटेशन (प्रगति) कार्यक्रम के तहत चौथी मासिक वीडियो कानफरेंसिंग के जरिए केंद्रीय सचिवों और राज्य के सचिवों से बात की।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, “प्रधानमंत्री ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ए.के. मित्तल को निर्देश दिया कि परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए सभी बाधाएं दूर की जाएं।”

बयान के मुताबिक, “मित्तल ने पहले बताया कि 326 किलोमीटर लंबी परियोजना में से 215 किलोमीटर हिस्सा पूरा हो चुका है। 111 किलोमीटर वाला कटरा-बनिहाल खंड निर्माणाधीन है और इस खंड का सिर्फ 35 फीसदी हिस्सा अब तक पूरा हुआ है।”

54 किलोमीटर लंबा जम्मू-उधमपुर खंड 2005 में पूरा हो गया था। शेष 272 किलोमीटर लंबे उधमपुर-बारामूला खंड को राष्ट्रीय परियोजना घोषित कर दिया गया है।

बयान में कहा गया है, “प्रगति कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री केंद्रीय सचिवों और मुख्य सचिवों से मासिक रूप से चर्चा करते हैं। इस दौरान वे आम लोगों की शिकायतों पर ध्यान देते हैं। वे इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं का जायजा भी लेते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493