महाराष्ट्र : पुरोहित के स्टिंग से भाजपा सरकार की किरकिरी

मुंबई, 26 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उस समय झटका लगा, जब एक पूर्व मंत्री के कथित स्टिंग ऑपरेशन से कई खुलासे हुए।

कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने मुंबई के प्रभावशाली विधायक राज पुरोहित पर स्टिंग ऑपरेशन किया, जिसे कई स्थानीय टेलीविजन चैनलों पर चलाया गया। यह वीडियो सोशल नेटवर्किं ग साइटों पर भी काफी चर्चित रहा।

पुरोहित ने इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित साह की कामकाज की शैली पर सवाल उठाए थे।

पुरोहित ने कहा, “भाजपा में सामूहिक निर्णय नहीं लिया जाता। यह एक धोखा है। देश में सत्ता के दो ही केंद्र हैं, मोदी और शाह। इस तरह का लोकतंत्र बेतुका है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि देश का कारोबारी समुदाय मोदी सरकार के कुछ निर्णयों से नाखुश है।

पुरोहित ने सलाह दी, “आधे देश की अर्थव्यवस्था काले धन पर चलती है। मैं दैनिक रूप से शीर्ष कारोबारियों से बात करता हूं।”

उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनका बिल्डर लॉबी के साथ सांठगांठ है। पुरोहित ने कहा कि लोढ़ा बिल्डर्स के पैसे की ताकत की वजह से उन्हें मौजूदा सरकार में मंत्री बनने से रोका गया।

उन्होंने कहा कि दिवंगत केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे शिवसेना के साथ गठबंधन के पक्ष में नहीं थे। वह शुरुआत से ही मुख्यमंत्री बनना चाहते थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493