लखनऊ , 8 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत अभियान’ का असर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिखाई दे रहा है। शहर के चारबाग रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान चलाया गया।
‘ऑपरेशन क्लीन’ नाम से चलाए जा रहे सफाई अभियान के तहत रेलवे स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाते देखे गए 90 लोगों को हिरासत में लिया गया। जुर्माना वसूले जाने के बाद हालांकि इन लोगों को छोड़ दिया गया।
उत्तर रेलवे के उप वाणिज्य महाप्रबंधक (डीसीएम) अमिताभ कुमार ने बताया कि ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत यह भारतीय रेलवे का अब तक का सबसे बड़ा अभियान है।
उन्होंने बताया कि लखनऊ रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह छह बजे ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान शुरू किया गया। इसके तहत रेलवे स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वालों को हिरासत में लिया जा रहा है। अभियान में रेलवे के टीटीई, रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ ) और गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी के) जवानों को लगाया गया है।
रेलवे के अधिकारियों की मानें तो अभियान के तहत अब तक 90 लोगों को हिरासत में लिया गया और जुर्माना वसूला गया। ‘ऑपरेशन क्लीन’अभियान बुधवार शाम तक चलेगा।
dharmpath.com dharmpath