भोपाल, 21 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में मंगलवार सुबह मौसम सुहावना रहा। राज्य में पिछले दो-तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घटों के दौरान कई जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है।
राज्य के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार सुबह बदली रही। हवाएं राहत देने वाली हैं। उमस कुछ कम हुई है। बीते 24 घंटों के दौरान भी बारिश दर्ज की गई, जिससे उज्जैन, होशंगाबाद तथा सीहोर आदि जगहों पर बाढ़ की स्थिति बनी हुई है और सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान भोपाल, उज्जैन, इंदौर और सागर संभाग के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश की आशंका है।
राज्य में बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी भोपाल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री, इंदौर में 21.2 डिग्री, ग्वालियर में 26.5 डिग्री और जबलपुर में 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सोमवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री, इंदौर में 23.8 डिग्री, ग्वालियर में 30.2 डिग्री और जबलपुर में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath