महाराष्ट्र के मंत्रियों के खिलाफ आरोपों की जांच हो : उद्धव

मुंबई, 24 जुलाई (आईएएनएस)। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को मांग की कि महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मंत्रियों पर लग रहे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच होनी चाहिए।

ठाकरे ने कहा, “मंत्रियों के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों की वास्तविकता का पता लगाने के लिए एक जांच जल्द शुरू की जाए, और अगर आरोप सही सिद्ध होते हैं तो उनकी विस्तृत जांच की जानी चाहिए।”

शिवसेना प्रमुख का यह बयान पार्टी के मुखपत्र सामना में शुक्रवार प्रकाशित उनके साक्षात्कार के दूसरे भाग में सामने आया है। उद्धव ने अपने जन्मदिन 27 जुलाई से पहले लंबा-चौड़ा साक्षात्कार दिया है, जिसे तीन भागों में प्रकाशित किया जा रहा है।

उन्होंने आरोपों की स्वतंत्रत जांच की मांग की। महाराष्ट्र सरकार में महिला एवं बाल कल्याण मंत्री पंकजा मुंडे और शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े ने अपने ऊपर लगे आरोपों को हालांकि खारिज कर दिया है।

ठाकरे ने चेताया कि इससे ऐसी स्थिति नहीं बननी चाहिए कि कोई अपनी राजनीति चमकाने के लिए आरोप लगाए और अपना दांव साध ले।

उन्होंने मांग की, “निष्पक्ष जांच कर मामले में सच और झूठ सबके सामने लाना चाहिए, और अगर आरोप गलत साबित होते हैं, तो आरोप लगाने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।”

पूर्व में दिए गए अपने बयान -भ्रष्टाचार चारों ओर दिखाई दे रहा है- को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि किसी न किसी को तो इसका निदान करना होगा कि जो दिख रहा है वह सच है अथवा झूठ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493