मप्र के नेता प्रतिपक्ष के 3 पैन कार्ड : भाजपा

भोपाल, 24 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी इकाई ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे पर आरोप लगाया है कि उनके तीन पैन कार्ड हैं और उन्होंने पिछले तीन चुनावों में आयोग को जो शपथ पत्र दिए हैं, वे कूटरचित है। वहीं कटारे ने इन आरोपों को नकारते हुए कहा कि सरकार भाजपा की है, वह जांच करा ले।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए पार्टी के प्रदेश महामंत्री अरविंद भदौरिया ने शुक्रवार को कटारे पर आरोप लगाते हुए कहा कि तीन चुनाव के दौरान उन्होंने जो शपथ पत्र चुनाव आयोग में जमा किए हैं, उनमें अलग-अलग तीन पैन कार्ड के नंबर दर्ज हैं। जबकि एक व्यक्ति का सिर्फ एक ही पैन कार्ड नंबर होना चाहिए।

भदौरिया ने कटारे की संपत्ति में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी पर भी सवाल उठाए। साथ ही कहा कि वर्ष 2008 के चुनाव में जो शपथ पत्र दिया गया था उसमें उन्होंने अपनी पत्नी की संपत्ति का जिक्र नहीं किया था।

वहीं कटारे ने भाजपा के आरोपों को नकारते हुए कहा कि अगर भाजपा यह कह रही है कि उनके तीन पैन कार्ड हैं तो उसका प्रमाण सामने लाएं। सरकार भाजपा की है तो उन पर कार्यवाही करें। कटारे का आरोप है कि भाजपा उन्हें सिर्फ इसलिए डरा रही है क्योंकि कांग्रेस ने व्यापमं के मुद्दे के जरिए भाजपा और मुख्यमंत्री चौहान को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493