नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शनिवार को दोहराया कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी को यात्रा दस्तावेज जारी करने की सिफारिश उन्होंने नहीं की थी।
सुषमा ने ट्वीट के जरिए पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने कहा, “मैं यह बात एक बार फिर दोहरा रही हूं कि ललित मोदी को यात्रा दस्तावेज जारी करने का अनुरोध या उसकी सिफारिश मैंने नहीं की।”
उन्होंने कहा, “इस मुद्दे पर अपने कायदे-कानून के तहत विचार करने के लिए मैंने इसे ब्रिटिश सरकार पर छोड़ दिया था।”
उन्होंने कहा, “एक मंत्री के रूप में मैं संसद के प्रति जवाबदेह हूं। देश को उत्तर देने का यही एक मंच है।”
सुषमा ने कहा, “मैं हर दिन लोगों की मदद करती हूं।”
सुषमा स्वराज द्वारा ललित मोदी की कथित मदद को लेकर संसद की कार्यवाही लगातार बाधित हो रही है और विपक्ष इस मुद्दे पर उनका इस्तीफा तथा मामले की जांच की मांग कर रहा है।
उन्होंने शनिवार को कहा कि मानसून सत्र के पहले ही दिन वह इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हो गई थीं।
सुषमा ने कहा कि कांग्रेस सदस्य नहीं चाहते कि चर्चा हो।
यह पूछे जाने पर कि ललित मोदी को लंदन की यात्रा करने के लिए ब्रिटिश सरकार की मंजूरी के लिए उन्होंने ब्रिटिश राजनीतिज्ञ कीथ वाज को टेलीफोन किया था, उन्होंने कहा, “यह सरासर झूठ है।”
dharmpath.com dharmpath