नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब में सोमवार को आतंकवादी हमले के बाद शुरू किए गए अभियान के अगले एक-दो घंटे में समाप्त होने की संभावना है। हमले में सात लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
गुरुदासपुर जिले के दीनानगर में अधिकारी ने यहां बताया, “पंजाब पुलिस कमांडो और आतंकवादियों के बीच संघर्ष जारी है। इसके एक-दो घंटे में समाप्त होने की संभावना है।”
अधिकारी ने बताया कि मृतकों में दो पुलिसकर्मी, दो होम गार्ड और तीन नागरिक शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि दीनानगर पुलिस थाना परिसर में दो आतंकवादी मारे गए हैं।
अधिकारी ने बताया कि आतंकवादी ने पहले एक व्यक्ति का वैन उससे जबर्दस्ती लेने की कोशिश की, लेकिन बाद में एक छोटी कार को कब्जे में कर लिया तथा पुलिस थाने पहुंचे।
उन्होंने बताया, “जब उन्होंने पुलिस थाने में प्रवेश किया, वहां थाना प्रभारी सहित तीन-चार पुलिसकर्मी मौजूद थे। उन्होंने पहले पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की।”
अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी की आवाज सुन कर दूसरे पुलिसकर्मी बाहर निकले और आतंकवादियों पर गोली चलाई।
मृतकों में पुलिस अधीक्षक बलजीत सिंह भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने हालांकि हमलावरों में एक महिला के होने की बात से इंकार किया।
उन्होंने कहा, “अब तक सिर्फ पंजाब पुलिस कमांडो अभियान में शामिल रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार एनएसजी तथा सेना का भी सहयोग लेगी।”
dharmpath.com dharmpath