पटना, 28 जुलाई (आईएएनएस)। महान वैज्ञानिक और देश के पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के सम्मान में मंगलवार को बिहार के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालय बंद रहे। इस संबंध में राज्य शिक्षा विभाग की ओर से एक निर्देश जारी हुआ था।
शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव आऱ क़े महाजन ने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति के सम्मान में सभी विद्यालयों को बंद करने का निर्देश दिया गया है। कई विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने कलाम को श्रद्घांजलि अर्पित की।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कलाम के निधन पर शोक जताते हुए कहा, “बिहार कलाम के दिल के करीब था। कलाम कई बार बिहार आए और मार्गदर्शन करते रहे। उनका निधन बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।”
मुख्यमंत्री सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मंगलवार के सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। उनका किशनगंज जाने का भी कार्यक्रम था।
वहीं, कलाम के आकस्मिक निधन के कारण मंगलवार को होने वाले बिहार विधान परिषद के नव निर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया गया। बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम की तारीख बाद में तय की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath