लखनऊ, 30 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई बम विस्फोट के दोषी याकूब मेमन को गुरुवार सुबह नागपुर में दी गई फांसी के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में हाई अलर्ट है। नेपाल से सटी राज्य की सीमा पर गश्त तेज कर दी गई है। पुलिस महानिदेशक कार्यालय ने इस बाबत सभी वरिष्ठ अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए हैं।
मुंबई बम विस्फोट के दोषी याकूब मेमन को फांसी दिए जाने के बाद उत्तर प्रदेश के नेपाल सीमा से सटे जिलों बलरामपुर, महराजगंज, गोंडा, बहराइच के साथ ही पीलीभीत में हाई अलर्ट है। इन सभी जगहों पर भारत-नेपाल सीमा सील कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि एसएसबी के जवान सीमावर्ती क्षेत्र में अलग-अलग टीम के साथ गश्त कर रहे हैं। नेपाल से आने वाले रास्तों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
सिद्घार्थनगर में नेपाल सीमा सील कर दी गई है। यहां एसएसबी के साथ पुलिस की टीम 24 घंटे निगरानी पर रहेगी। शहर के होटलों के साथ ही ढाबों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। याकूब को फांसी के कारण आज लखनऊ में प्रमुख स्कूलों की सुरक्षा सेना के हवाले कर दी गई है।
गौरतलब है कि 30 जुलाई, 1962 को पैदा हुए याकूब को उसके 54वें जन्मदिन पर फांसी दे दी गई। मुंबई में 12 मार्च, 1993 को हुए श्रृंखलाबद्घ विस्फोटों में 257 लोग मारे गए थे। इसी मामले में मेमन को बुधवार सुबह नागपुर केंद्रीय कारागार में फांसी दी गई। फांसी के मद्देनजर उप्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath