जम्मू में एम्स के गठन को लेकर प्रदर्शन, झड़प (लीड-1)

जम्मू, 31 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू क्षेत्र में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना की घोषणा में देरी को लेकर शुक्रवार को बुलाए गए तीन-दिवसीय बंद के दौरान पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों में झड़प हुई।

प्रदर्शनकारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे, जिन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। प्रदर्शनकारी कच्ची छावनी इलाके में भाजपा के कार्यालय में घुसने की कोशिश कर रहे थे।

जम्मू क्षेत्र में एम्स की स्थापना के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से एक समन्वय समिति गठित की गई है, जिसमें वकीलों, व्यापारियों, उद्योगपतियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हैं। समिति ने केंद्र सरकार पर जम्मू क्षेत्र में एम्स की स्थापना के वादे से मुकरने का आरोप लगाते हुए तीन-दिवसीय बंद बुलाया है, जिसकी शुरुआत शुक्रवार से हुई है।

बंद के कारण इलाके में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है, सार्वजनिक परिवहन तथा अन्य काम ठप हुआ है।

हालांकि, सरकारी कार्यालय, बैंक और डाकघर में कामकाज सामान्य तरीके से जारी है।

जम्मू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा समिति के प्रमुख अभिनव शर्मा ने गुरुवार मध्यरात्रि को जल्दबाजी में बुलाए गए प्रेस सम्मेलन के दौरान कहा, “जम्मू क्षेत्र 31 जुलाई तथा एक और दो अगस्त को बंद रहेगा।”

उन्होंने कहा, “यह 20 जुलाई को साफ हो गया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जम्मू क्षेत्र में एम्स की स्थापना की घोषणा के अपने वादे को पूरा करने में विफल रही और इसलिए उसने गंदी राजनीति का सहारा लिया।”

उप मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता निर्मल सिंह ने लिखित में भरोसा दिया था कि जम्मू क्षेत्र में एम्स के गठन की घोषणा 21 जुलाई से पहले की जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493