मप्र में सेक्सकांड का आरोपी सरकारी गवाह : कांग्रेस

भोपाल, 31 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी कांग्रेस के बीच चल रहे व्यक्तिगत आक्षेपों की श्रृंखला में शुक्रवार को कांग्रेस इकाई ने सीधे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर प्रहार किया। विपक्षी पार्टी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के साले संजय सिंह के मित्र मनोज नेमा को बालाघाट पुलिस ने सरकारी गवाह बना दिया है। नेमा एक सेक्स कांड का आरोपी है।

कांग्रेस कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में शुक्रवार को प्रदेश इकाई के मुख्य प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने आरोप लगाया कि मनोज नेमा मई, 2012 में हुए चंदौरी सेक्सकांड का आरोपी था, वह कॉलोनाइजर भी है।

वारासिवनी थाने में सेक्सकांड संबंधी मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने इस मामले में नेमा को कई बार तलब किया, मगर वह पुलिस के सामने नहीं आया। इतना ही नहीं, उसने अपनी राजनीतिक पहुंच का लाभ उठाते हुए खुद को सरकारी गवाह बनवा लिया।

मिश्रा ने मुख्यमंत्री के साले और नेमा की मित्रता को इसकी वजह बताया। उनका आरोप है कि नेमा ने बालाघाट में गोविंद मंगलम् कॉलोनी बनाई है। इस कॉलोनी में बगीचे के लिए 3510 वर्ग फुट जमीन छोड़ी गई थी, जिसका बाजार मूल्य 80 लाख है। यह जमीन अवैध तरीके से मुख्यमंत्री शिवराज के साले संजय सिंह ने खरीदी है।

कांग्रेस नेता मिश्रा का कहना है कि इस जमीन की रजिस्ट्री में शासन को चूना लगाया गया है। जमीन की कीमत मात्र चार लाख 20 हजार रुपये दर्शाकर रजिस्ट्री में मात्र 42 हजार के स्टाम्प लगाए गए हैं। इस तरह उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाना चाहिए।

कांग्रेस का संजय सिंह के आवास के पते को लेकर भी सवाल है। कांग्रेस का आरोप है कि संजय सिंह गोंदिया (महाराष्ट्र) में रहते हैं, मगर क्रेता के तौर पर उनका पता बालाघाट का दिया गया है, यह भी जांच का विषय है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493