सौ स्मार्ट सिटी के लिए 50,000 करोड़ रुपये देगी सरकार : नायडू

नई दिल्ली , 1 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने बताया है कि सरकार ने सौ स्मार्ट सिटी के विकास के लिए 50,000 करोड़ रुपये देने का फैसला किया है। हर स्मार्ट सिटी को अगले पांच साल तक 100 करोड़ की केंद्रीय मदद दी जाएगी।

नायडू ने स्थायी और सभी को समाहित करने वाले शहरी विकास पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार में यह जानकारी दी। सेमिनार का आयोजन नीति आयोग, इंस्टीट्यूट फार ह्यूमन डेवलपमेंट (आईएचडी) और डिपार्टमेंट आफ अरबन एंड रीजनल प्लानिंग ऑफ फ्लोरिडा यूनिवर्सिटी ने किया था।

नायडू ने कहा कि सभी स्मार्ट सिटी के विकास में आम लोगों की भागीदारी पर सबसे अधिक जोर दिया जाएगा। शहरों का विकास और शहरी आबादी के जीवन स्तर में सुधार आज समय की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि सुधारों की दिशा में समग्र प्रयास की जरूरत है। सरकार का पूरा ध्यान ऐसे विकास पर है जो स्थाई हो और जिसमें सभी की हिस्सेदारी हो।

नीति आयोग के अध्यक्ष अरविंद पणगढ़िया ने कहा कि बेहतर शहरी जीवन के लिए आवास, कार्यालयों के लिए जगह और अच्छी परिवहन व्यवस्था चाहिए। देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती शहरों के लिए जगह और भूमि की व्यवस्था करना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493