सेशेल्स के राष्ट्रपति बुधवार को मोदी से बातचीत करेंगे

नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। सेशेल्स के राष्ट्रपति जेम्स एलिक्स माइकल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बुधवार को बातचीत करेंगे। माइकल तीन दिवसीय दौरे पर मंगलवार को भारत आए हैं। इससे पहले दोनों नेताओं की मुलाकात पांच महीने पहले तब हुई थी, जब मोदी हिंद महासागर द्वीपसमूह की यात्रा के तहत सेशेल्स गए थे।

माइकल के साथ भारत दौरे में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी है, जिसमें परिवहन एवं विदेश मामलों के मंत्री जोएल मोर्गन एवं वित्त, व्यापार एवं मत्स्य अर्थव्यवस्था मंत्री जीन-पॉल एडम भी शामिल हैं। इसके अलावा एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी राष्ट्रपति माइकल के साथ है।

इससे पहले भारतीय प्रधानमंत्री मोदी मार्च महीने में सेशेल्स दौरे पर गए थे, जो हिंद महासागरीय क्षेत्र की यात्रा के तहत उनका पहला पड़ाव था। राष्ट्रपति माइकल इससे पहले 2005 और 2010 में भी भारत आ चुके हैं और 2011 और 2012 में दिल्ली सतत विकास सम्मेलन में भी हिस्सा ले चुके हैं।

माइकल अपने तीन दिवसीय भारत दौरे में दिल्ली स्थित वैश्विक मामलों की भारतीय परिषद में ‘नीली अर्थव्यवस्था के लिए समुद्री सुरक्षा’ पर व्याख्यान देंगे। इसके अलावा वह व्यावसायिक कार्यक्रमों में भी लोगों को संबोधित करेंगे।

माइकल मुंबई में महाराष्ट्र के राज्यपाल से भी मुलाकात करेंगे और यहां सेशेल्स पर्यटन बोर्ड की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी के साथ बुधवार को बैठक के बाद माइकल रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर और वित्तमंत्री अरुण जेटली से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मिलेंगे।

वर्ष 1976 में सेशेल्स को आजादी मिलने के बाद से यह देश भारत का कूटनीतिक सहयोगी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493