झाबुआ विस्फोट : दोषियों केा बख्शा नहीं जाएगा : शिवराज (लीड-1)

झाबुआ, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में हुए विस्फोट के बाद हालात का जायजा लेने पेटलावाद पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों के गुस्से को शांत करने की कोशिश करते हुए भरोसा दिलाया है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञात हो कि शनिवार सुबह पेटलावाद के न्यू बस स्टैंड के करीब स्थित सेठिया होटल में गैस सिलेंडर के फटने और उसके बाद होटल के करीब स्थित विस्फोटक गोदाम में हुए विस्फोट के चलते 87 लोगों की मौत को गई थी। विस्फोटक गोदाम राजेंद्र कासवा नाम के व्यक्ति का है।

हालात का जायजा लेने पेटलावाद पहुंचे मुख्यमंत्री चौहान ने सबसे पहले अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उसके बाद उन्होंने घटना स्थल पर पहुंचकर भीड़ को भरोसा दिलाया कि इस मामले की न्यायिक जांच कराई जाएगी। घायलों के इलाज के लिए राशि मुहैया कराई जाएगी। इसके साथ ही दोषी कोई भी हो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवारों के बीच जाएंगे और उनकी हालत को देखेंगे। जिस बात की उन्हें जरुरत होगी, उसका इंतजाम करेंगे। उन्होंने कहा कि वे पेटलावाद से तभी लौटेंगे, जब समस्या का समाधान हो जाएगा।

अस्पताल से घटना स्थल की ओर जाते समय मुख्यमंत्री को भीड़ के आक्रोश का सामना करना पड़ा। भीड़ ने उनके काफिले को रोक दिया। इसके चलते पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई है। भीड़ में मौजूद लोग विस्फोटक के संग्रहकर्ता कासवा की गिरफ्तारी करने, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और प्रशासनिक अफसरों पर भी कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।

भीड़ के गुस्से को देखते हुए मुख्यमंत्री चौहान वाहन से उतर कर लोगों के साथ सड़क पर बैठ गए और उनकी बातें सुनी। उन्होंने लोगों को यह समझाने की कोशिश की, कि सरकार उनके साथ है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीमा अलवा ने रविवार को आईएएनएस को बताया है कि विस्फोटक का संग्रह करने वाले राजेंद्र कासवा की तलाश जारी है। उनके परिजनों से पूछताछ की गई है। मगर राजेंद्र का कोई पता नहीं चला है। वह झाबुआ से भाग गया है।

हादसे के विरोध में रविवार को झाबुआ और पेटलावाद बंद का आयोजन किया गया है। आम जन-जीवन थम गया है। पेटलावाद में विस्फोट को लेकर लोगों में काफी गुस्सा है।

ज्ञात हो कि सेठिया होटल में गैस सिलेंडर फटने के बाद एक मकान में विस्फोट हुआ था। इस मकान में विस्फोटक रखा हुआ था। इस विस्फोट में कई मकान मलबे के ढेर में बदल गए थे। यह विस्फोटक खनन कार्य के लिए उपयोग में लाया जाता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493