लोजपा सांसद रामा सिंह का पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा

पटना, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के सांसद रामा सिंह ने मंगलवार देर रात विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे के मुद्दे पर दरकिनार किए जाने को लेकर नाराजगी जताते हुए पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया।

वैशाली से सांसद रामा सिंह ने बताया कि उन्होंने लोजपा के राष्ट्रीय महासचिव, राजस्थान राज्य के प्रभारी तथा लोकसभा में लोजपा संसदीय दल के मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया।

माना जा रहा है कि सिंह जल्द ही लोजपा की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे देंगे।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे पर पार्टी में राय-मशविरा न किए जाने को लेकर नाराजगी जताते हुए सिंह ने कहा था कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है। इतने अहम मुद्दे पर उनसे राय नहीं ली गई।

इधर, लोजपा के एक नेता का कहना है कि सांसद सिंह अपनी पत्नी को विधानसभ चुनाव लड़ाना चाहते हैं और इसलिए पार्टी पर दबाव बनाने के लिए यह रणनीति अपना रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राजग में लोजपा एक घटक दल है। बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राजग में सीट बंटवारे की घोषणा शनिवार को की गई, जिसके अनुसार राज्य विधानसभा की 243 सीटों में से 160 पर भाजपा, 40 पर लोजपा, 23 पर राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) और 20 पर हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा चुनाव लड़ेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493