रायसेन, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में शरारत करने वाले भतीजे को पेड़ से उल्टा लटकाकर पीटने वाले चाचा बृजेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी सुमन पिल्लई ने आरोपी चाचा के खिलाफ रविवार को शिकायत दर्ज कराई थी।
औबेदुल्लागंज थाने के प्रभारी एन. एस. राठौर ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि पिल्लई की शिकायत पर आरोपी बृजेश के खिलाफ घरेलू हिंसा और बाल संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, औबेदुल्लागंज निवासी देवकरण यादव का 10 वर्षीय बेटा कथित तौर पर शरारती है। बेटे की शरारतों से नाराज देवकरण ने अपने छोटे भाई बृजेश को हिदायत दी कि वह मासूम को ऐसा सबक सिखाए, जिससे वह शरारत भूल जाए। इस पर बृजेश ने रविवार को मासूम को पेड़ से उल्टा लटका कर बेहरमी से उसकी पिटाई की।
पुलिस के अनुसार, बच्चे को पेड़ से लटकाकर पीटे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस पर महिला सशक्तिकरण अधिकारी पिल्लई ने औबेदुल्लागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
dharmpath.com dharmpath