लखनऊ , 23 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फनगर में हुए दंगों का सच जल्द ही सामने आने वाला है। दंगों की जांच करने के लिए बनाए गए जांच आयोग ने अपनी रिपोर्ट बुधवार को राज्यपाल राम नाईक को सौंप दी।
दंगों की इस जांच रिपोर्ट को बुधवार को उप्र के राज्यपाल राम नाईक को राजभवन में सौंपा गया।
मुजफ्फरनगर दंगा जांच आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (अवकाश प्राप्त) विष्णु सहाय ने राज्यपाल को यह रिपोर्ट राजभवन में सौंपी। ये दंगे अगस्त 2013 में उप्र के मुजफ्फरनगर में हुए थे।
न्यायमूर्ति विष्णु सहाय द्वारा छह खण्डों में 775 पृष्ठों की रिपोर्ट तैयार की कई है। राज्यपाल राम नाईक अब इस जांच रिपोर्ट को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आगे की कार्यवाही के लिए भेजेंगे।
इस अवसर पर आयोग के सचिव दिलीप कुमार, राज्यपाल की प्रमुख सचिव जूथिका पाटणकर व विधि सलाहकार एसएस उपाध्याय भी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा अगस्त 2013 में मुजफ्फरनगर में हुए दंगे की न्यायिक जांच के लिए न्यायमूर्ति विष्णु सहाय (अवकाश प्राप्त) की अध्यक्षता में एक सदस्यीय आयोग का गठन किया गया था। विष्णु सहाय आयोग का गठन ‘कमीशन आफ इंक्वायरी एक्ट 1952’ के प्रावधानों के अंतर्गत 9 सितंबर, 2013 को किया गया था।
dharmpath.com dharmpath