नई दिल्ली, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जातिवादी राजनीति के मुद्दे पर बुधवार को पलटवार किया। पार्टी ने कहा कि पहले दिन से जातिवादी राजनीति करने वाले आज भाजपा की विकास की नीति पर सवाल उठा रहे हैं।
नीतीश ने कहा था कि भाजपा राज्य में जातिवादी राजनीति कर रही है।
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “महागठबंधन में शामिल पार्टियां बीते 60 सालों से बिहार पर राज कर रही हैं। इन्होंने बिहार को जातिवादी राजनीति में धकेल दिया। सच तो यह है कि जातिवाद इनकी नस्ल में है। पहले दिन से इनकी राजनीति जाति आधारित रही है और अब यही लोग कह रहे हैं कि भाजपा जातिवादी राजनीति कर रही है।”
उन्होंने कहा, “भाजपा विकास का पर्याय है। पार्टी देश के विकास के लिए समर्पित है। जबकि, महागठबंधन के नेता लालू यादव जाति आधारित राजनीति के प्रतीक हैं।”
जावड़ेकर ने नीतीश कुमार को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की आलोचना के लिए आड़े हाथों लिया।
उन्होंने कहा, “आरएसएस और भाजपा तब बहुत अच्छे थे, जब इन्होंने नीतीश को मुख्यमंत्री बनाया था। और, अब यही दोनों उनके लिए खराब तत्व बन गए हैं।”
उन्होंने कहा, “नीतीश बिहार की लड़ाई हार रहे हैं। इसीलिए हताश हो गए हैं। वह अपना संयम और संतुलन खो रहे हैं। इसीलिए भाजपा नेताओं के लिए गाली-गलौच की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।”
जावड़ेकर ने कहा कि भाजपा सरकार आरएसएस से संचालित नहीं है।
जावड़ेकर ने कहा, “नीतीश का रिमोट कंट्रोल लालू हैं। हमारा रिमोट कंट्रोल देश की जनता के पास है। जहां तक आरएसएस का सवाल है तो वह एक राष्ट्रवादी संगठन है और राष्ट्रवाद की शिक्षा देता है।”
जावड़ेकर ने एक बार फिर साफ किया कि भाजपा वर्तमान आरक्षण व्यवस्था में किसी भी तरह के बदलाव के पक्ष में नहीं है।
dharmpath.com dharmpath