लखनऊ, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को प्रदेशवासियों को ईद-उल-अजहा (बकरीद) की बधाई दी। राज्य में सुबह से ही बकरीद की धूम रही। ईदगाहों, दरगाहों और मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की।
लखनऊ, इलाहाबाद, वाराणसी, कानपुर, आगरा, मेरठ सहित समस्त उत्तर प्रदेश में सुबह में बकरीद की नमाज अदा की गई।
राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में सिब्तैनाबाद इमामबाड़ा में शिया और सुन्नी समुदाय ने साथ में बकरीद की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों नेन एक-दूसरे को बधाई दी।
उधर, आगरा में ताजमहल के करीब स्थित एक मस्जिद में बकरीद की नमाज अदा की गई। इलाहाबाद में जीरो रोड स्थित ईदगाह और जामा मस्जिद में नमाज अदा की गई।
बकरीद शांतिपूर्ण माहौल में मनाई जाए यह सुनिश्चित करने के लिए शासन और प्रशासन ने सुरक्षा के खास इंतजाम किए हैं। स्थानीय पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है।
dharmpath.com dharmpath