लालू से ‘जंगलराज’, कांग्रेस से ‘भ्रष्टाचार’ आएगा : शाह

पूर्णिया, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने यहां शनिवार को कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के आने से जहां ‘जंगलराज’ आएगा, वहीं कांग्रेस के आने से भ्रष्टाचार आएगा।

शाह ने कहा कि बिहार में विकास लालू-नीतीश की जोड़ी नहीं ला सकती है। इन्होंने बिहार को जात-पात की राजनीति में बांट दिया है।

पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम में एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, “बिहार में बिजली, सड़क और शिक्षा के क्षेत्र में विकास नहीं हुआ है। लालू के शासनकाल को जंगलराज कहा जाता है। आज वहीं लालू, नीतीश के कंधे पर सवार होकर आ रहे हैं। अगर ये आ जाएंगे तो बिहार में जंगलराज-दो आएगा।”

नीतीश ने कहा था कि बिहार को किसी की मदद की जरूरत नहीं है। उनके बयान पर शाह ने तंज कसते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने बिहार के विकास के लिए पैकेज दिया, परंतु अहंकार में नीतीश कहते हैं कि बिहार को पैकेज की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा, “बिहार की सरकार जितना तीन साल में खर्च करेगी, उतना एक ही बार में मोदी जी ने बिहार को दे दिया। लालू, नीतीश कांग्रेस जवाब दें कि 10 वर्ष तक दिल्ली में सोनिया-मनमोहन की सरकार थी, कितना पैसा दिया। वह सरकार बिहार को प्रत्येक वर्ष मात्र 10 हजार करोड़ रुपये देती थी।”

उन्होंने कहा, “बिहार के पास अकूत संपदा है। देश के विकास में बिहारी युवा का पसीना लगा है। बिहारियों ने देश को समृद्घ बना दिया है, लेकिन सरकारों के कारण बिहार समृद्घ नहीं हुआ।”

उन्होंने कहा कि सीमांचल के युवा को अब गुजरात नहीं जाना होगा, यहीं कारखाना लगेगा और रोजगार मिलेगा।

बिहार में सीमांचल को सबसे पिछड़ा बताते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बननी तय है, परंतु भाजपा की सोच है कि सीमांचल से भी सत्ता में भागीदारी हो।

शाह ने कहा कि लालू रोज-रोज इस चुनाव को जाति का स्वरूप देना चाहते हैं, परंतु भाजपा यह चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493