कश्मीर : ट्रक हमले के पीड़ित की मौत, हिंसा भड़की

श्रीनगर, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर पिछले नौ अक्टूबर को एक ट्रक पर हुए बम हमले में घायल 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। इस खबर के बाद रविवार को कश्मीर घाटी में हिंसा भड़क उठी है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, घायल जाहिद रसूल बट का दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।

गौरतलब है कि ऊधमपुर कस्बे में जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर एक भीड़ ने एक खड़े ट्रक पर पेट्रोल बम फेंका था। इस हमले में बट और अनंतनाग जिले के एक अन्य व्यक्ति शौकत अहमद डार गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

निर्दलीय विधायक इंजीनियर रशीद द्वारा श्रीनगर में आयोजित एक गोमांस पार्टी के बाद, कथित तौर पर हिंदुओं की भीड़ ने यह हमला किया था।

दिल्ली में जाहिद की मौत हो जाने की खबर यहां पहुंचने के बाद कश्मीर घाटी के दक्षिणी अनंतनाग जिले में भीड़ सड़कों पर उतर आई और टायर जलाकर जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग जाम कर दिया।

प्रत्यादर्शियों ने कहा कि भीड़ ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सुरक्षाकर्मियों ने जब भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों ने उनपर पथराव किया।

हुर्रियत के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक ने कहा कि सरकार बट की मौत के लिए जिम्मेदार है, क्योंकि वह ट्रक चालकों को सुरक्षा नहीं प्रदान कर पाई।

अलगाववादियों ने कश्मीर घाटी में सोमवार को बंद रखने का आह्वान कर रखा है।

हमले में घायल हुए दोनों व्यक्तियों को विशेष इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था। दोनों बुरी तरह आग से झुलस गए थे।

जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मुहम्मद सईद ने तीन दिन पहले अस्पताल जाकर दोनों घायलों से मुलाकात की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493