हरिद्वार, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरिद्वार के आध्यात्मिक संगठन गायत्री परिवार ने बुधवार को कहा कि करीब 500 कार्यकर्ता बंगाल की खाड़ी तक साइकिल रैली निकालते हुए गंगा सफाई का समर्थन करेंगे।
गायत्री परिवार ने कहा कि मंगलवार को उत्तराखंड से 100 साइकिल चालकों ने अपना अभियान शुरू कर दिया है। उनके साथ उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल से 100-100 साइकिल सवार जुड़ेंगे।
गायत्री परिवार के एक प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया, “साइकिल रैली गंगा के सभी मार्गो से होते हुए जाएंगे।”
देश के पांच प्रदेशों से निकलते हुए बंगाल की खाड़ी में गिरने वाली हिदुओं की पवित्रा गंगा नदी का मार्ग करीब 2,500 किलोमीटर का है।
गायत्री परिवार के प्रमुख प्रणव पाण्ड्या ने अपने बयान में कहा कि सभी साइकिल सवार गंगा नदी के आस-पास के गांव में रहने वाले लोगों से बात करेंगे और उनसे गंगा नदी को साफ रखने का आग्रह करेंगे।
उन्होंने कहा, “गंगा नदी के पास रहने वाले लोगों के बीच जागरूकता पैदा करना बहुत जरूरी है।”
प्रणव ने आगे कहा, “साइकिल सवार गंगोत्री से पश्चिम बंगाल की गंगा सागर तक सभी गांवों और कस्बों का दौरा करेंगे।”
गांवों और कस्बों में अपने दौरे के दौरान सभी साइकिल सवार गंगा नदी के किनारे पौधरोपण भी करेंगे।
dharmpath.com dharmpath