अफ्रीका को कृषि विकास में मदद देगा भारत

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को यहां कहा कि भारत, अफ्रीका के कृषि विकास में मदद करेगा।

तीसरे भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, “अफ्रीका के पास दुनिया की कुल कृषि योग्य भूमि का 60 प्रतिशत है, लेकिन यहां उत्पादन वैश्विक उत्पादन की तुलना में मात्र 10 प्रतिशत है। भारत अफ्रीका के कृषि क्षेत्र के विकास में मदद देगा।”

उन्होंने कहा कि अफ्रीका के कृषि क्षेत्र का विकास महाद्वीप की समृद्धि को बढ़ा सकता है और वैश्विक खाद्य सुरक्षा में भी मदद कर सकता है।

मोदी ने स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में अफ्रीकी देशों द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए कहा, “ऐसे मजबूत कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में तेजी से सुधार आ रहा है। अफ्रीका में अब प्राथमिक स्कूलों में नामांकन 90 फीसदी से अधिक हो गया है।”

मोदी ने कहा कि अफ्रीका अब नवाचार की वैश्विक मुख्यधारा में शामिल हो गया है।

मोदी ने कहा, “भारत वर्ष 2008 में हुए पहले भारत-अफ्रीका शिखर सम्मेलन में किए गए 7.4 अरब डॉलर के रियायती ऋण और 1.2 अरब डॉलर के अनुदान के वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

मोदी ने कहा कि भारत, अफ्रीका में 100 क्षमता निर्माण संस्थानों का निर्माण कर रहा है। साथ ही बुनियादी ढांचा, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छ ऊर्जा, सिंचाई, कृषि व विनिर्माण क्षमता का भी विकास कर रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493