वैश्विक शक्ति बनने के लिए आंतरिक सुरक्षा महत्वपूर्ण : डोवाल

हैदराबाद, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोवाल ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा का प्रबंधन किए बिना कोई देश वैश्विक शक्ति नहीं बन सकता और यह लड़ाई पुलिस को जीतनी होगी।

डोवाल ने दो टूक कहा कि रणनीतिक व राजनीतिक उद्देश्यों को हासिल करने के लिए युद्ध अब अप्रभावी हथियार हो गए हैं और दुश्मन के कमजोर होने पर भी सफलता की कोई गारंटी नहीं है।

उन्होंने चेताया कि आने वाले समय में आंतरिक सुरक्षा के लिए चुनौतियां बढ़ेंगी और ऐसे में यह पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे लोगों का दिल जीतकर इस जंग को जीतें।

डोवाल ने हैदराबाद में सरदार बल्लभ भाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में भारतीय पुलिस अधिकारी (आईपीएस) के प्रशिक्षुओं के 67वें बैच के पासिंग आउट परेड को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।

26 महिलाओं सहित करीब 141 परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारियों ने 46 सप्ताह का प्रशिक्षण पूरा किया। नेपाल, भूटान व मालदीव के भी 15 अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने कहा कि युद्ध के बाद के काल में 37 देशों की हालत खास्ता हो गई, जिनमें से 28 पूरी तरह विफल रहे, क्योंकि वे आंतरिक सुरक्षा का प्रबंधन नहीं कर सके।

डोवाल ने कहा कि बेहतरीन सुरक्षाबलों, प्रौद्योगिकी व अन्य सुविधाओं के बावजूद अमेरिका वियतनाम में हार गया और पूर्ववर्ती सोवियत संघ अफगानिस्तान में रणनीतिक व राजनीतिक उद्देश्यों की प्राप्ति में सफल नहीं हो सका।

उन्होंने कहा, “यह लड़ाई सेना द्वारा नहीं जीती जा सकती। यह पुलिसकर्मियों की जंग है। यदि आप जीतते हैं, तो देश जीतता है और यदि आप हारते हैं, तो देश हारता है।”

डोवाल ने कहा कि यह लड़ाई जमीन, इलाके या पहाड़ के लिए नहीं, बल्कि नागरिक समाज व लोगों के हितों के लिए है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493