आईएनएस सहयाद्रि फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचा (लीड-1)

नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस सहयाद्रि रविवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचा। आईएनएस सहयाद्रि वर्तमान में भारत की ‘पूर्व की ओर देखो’ नीति के तहत दक्षिण चीनी महासागर तथा उत्तर-पश्चिम प्रशांत क्षेत्र में सामरिक तैनाती पर है।

यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस जहाज के फिलीपींस की नौसेना के साथ व्यापक पारस्परिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए चार नवम्बर तक मनीला में रहने की संभावना है।

बयान के अनुसार, भारत और फिलीपींस के बीच द्विपक्षीय संबंध उपनिवेशवाद-रोधी, मजबूत लोकतांत्रिक राजनीति एवं दक्षिण-दक्षिण सहयोग के साझा मूल्यों पर आधारित है, जो हाल के वर्षो में तेजी से बढ़ा है। आर्थिक एवं सुरक्षा संबंधों की वजह से इसमें तेजी आई है। नियमित विदेश नीति सलाह-मशविरा एवं सुरक्षा वार्ता बैठकों ने इस द्विपक्षीय संबंध को अधिक प्रोत्साहन दिया है।

आईएनएस सहयाद्रि की इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाना और अंतरसक्रियता में बेहतरी लाना है। आईएनएस सहयाद्रि शिवालिक श्रेणी का स्वदेश में निर्मित युद्धपोत है। इसे 21 जुलाई, 2012 को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था, और इस बहुउद्देशीय जंगी जहाज के तरकश में हथियारों की एक प्रभावशाली श्रृंखला है।

बयान में कहा गया है कि दो बहु-उद्देशीय हेलिकॉप्टरों को ढोने की क्षमता इस युद्धपोत की ताकत को उल्लेखनीय रूप से बढ़ा देती है। वर्तमान में आईएनएस सहयाद्रि के कमांडर कैप्टन कुनाल सिंह राजकुमार हैं।

बयान के अनुसार, मनीला में बंदरगाह में इस पोत के ठहराव की अवधि के दौरान दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों की योजनाएं बनाई गई हैं।

विदाई के अवसर पर, इस जहाज के फिलीपींस की नौसेना के जहाजों के साथ अभ्यास करने की योजना है, ताकि संचार, खोज एवं राहत प्रक्रियाओं में अंत:पारस्परिकता बढ़ाई जा सके।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493