मोदी असहिष्णु नहीं, सबका विकास चाहते हैं : मुफ्ती

श्रीनगर, 3 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असहिष्णु नहीं हैं। वह देश में सबका समग्र विकास चाहते हैं।

मुख्यमंत्री ने यह बात टट्ट मैदान में ग्रीन पार्क की आधारशिला रखने के मौके पर कही। यह मैदान 1947 से सेना के पास था। राज्य की कई सरकारें यह मांग करती रही थीं कि सेना इसे खाली कर दे।

सईद ने बताया कि राज्य सरकार से एक महीने पहले बनी सहमति के बाद सेना ने मंगलवार को टट्ट मैदान का 139 एकड़ का हिस्सा राज्य सरकार को सौंप दिया।

शिलान्यास समारोह के बाद संवाददाताओं से बातचीत में सईद ने कहा, “मोदी असहिष्णु नहीं हैं। वह इतने बड़े देश के प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने हमसे (पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी) हाथ मिलाया, जबकि लोकसभा में हमारे महज तीन सांसद हैं। इस फैसले के पीछे उनकी दूरदृष्टि रही होगी।”

मोदी सात नवंबर को कश्मीर दौरे पर आ रहे हैं। इस संदर्भ में सईद ने कहा, “लोगों को उनकी यात्रा से काफी उम्मीदें हैं, क्योंकि हमेशा से ही उनका नारा विकास का रहा है। वह जम्मू एवं कश्मीर के सामने मौजूद मसलों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।”

सईद से पूछा गया कि क्या मोदी राज्य के लिए आर्थिक पैकेज का ऐलान करेंगे? जवाब में सईद ने कहा, “पैकेज की घोषणा करना या न करना प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार है।”

भारत-पाकिस्तान संबंधों पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से अच्छा संबंध भारत और हम सभी के लिए बेहतर साबित होगा, क्योंकि शत्रुता से अभी तक तो कुछ हासिल नहीं हुआ है।

सईद ने कहा, “अगर भारत को एक विश्व शक्ति बनना है तो फिर इसके लिए इन सभी बातों पर ध्यान दिया जाएगा। मुझे उम्मीद है कि कुछ उतार-चढ़ाव के बावजूद हम हमेशा के लिए दोस्त बनना चाहते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493