उप्र : ट्रक ने साइकिल सवार को रौंदा

ट्रक चालक ट्रक समेत मौके से भाग जाने में तो कामयाब हो गया। लेकिन मलवां थाने पर पुलिस ने ट्रक को रुकवाकर चालक को हिरासत में ले लिया। उधर, हादसे की जानकारी होने पर पोस्टमार्टम हाउस में नायब तहसीलदार जितेंद्र गौतम, सीओ सिटी वंदना सिंह व शहर कोतवाल आर.के. पांडेय ने पहुंचकर मृतक के परिजनों को ढाढस बंधाया और मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद दिलाए जाने का भरोसा दिया।

पुलिस के अनुसार, पूरेताज महमूदपुर सनगांव गांव निवासी इंद्रपाल गोस्वामी का 21 वर्षीय पुत्र नितिन अपने भाई संजय के साथ साइकिल द्वारा शहर सब्जी खरीदने आ रहा था। जैसे ही यह दोनों शहर क्षेत्र के नऊवाबाग बाइपास पर पहुंचे, एक तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी।

दोनों भाई चिटक कर सड़क पर आ गए और नितिन के ऊपर से ट्रक का पहिया गुजर गया, जिससे उसके सिर का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसा होते ही उसका भाई संजय दहाड़ मारकर रोने लगा। हादसा देख लोगों का जमावड़ा घटनास्थल पर लग गया और सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

उधर, जैसे ही घटना की खबर गांव पहुंची तो परिजनों के बीच कोहराम मच गया। आनन-फानन परिजन जिला मुख्यालय आए और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

इस वीभत्स सड़क हादसे की जानकारी होने पर नायब तहसीलदार जितेंद्र गौतम, सीओ सिटी वंदना सिंह व शहर कोतवाल आर.के. पांडेय भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिजनों की स्थिति का आकलन करने के साथ ही उन्हें आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतक आश्रितों को मुआवजा दिलाए जाने के लिए जिला प्रशासन प्रयास करेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493