डीसीडब्ल्यू ने अलका को दिया मदद का आश्वासन

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक अलका लांबा को उनके खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक ओ. पी. शर्मा के विरोध में अदालत में मुकदमा दायर करने में मदद देगा।

आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने लांबा के खिलाफ भाजपा विधायक शर्मा की कथित अपमानजनक टिप्पणी पर हैरानी जताते हुए बुधवार को कहा कि आयोग इस मामले में उनके खिलाफ अदालत में मुकदमा दायर करने में लांबा को मदद देगा।

मालीवाल ने कहा, “उन्होंने (ओम प्रकाश शर्मा) इस तरह के अपराध को दोहराया है। हम इसे ऊपर तक ले जाएंगे और उनके खिलाफ मामला दर्ज करने में अलका की मदद करेंगे।”

उन्होंने कहा, “यह पार्टी की राजनीति के बारे में नहीं है। दिल्ली विधानसभा में किसी महिला का अपमान हैरानी की बात है।”

स्वाति ने कहा, “वे (भाजपा) किस तरह का संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं? मुझे लग रहा है कि यह दलगत राजनीति से कई ऊपर है। जो भी कहा गया, वह बहुत गलत था।”

डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आयोग ने पिछली बार एक अन्य घटना में शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की अनुशंसा की थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इस पर ध्यान नहीं दिया।

उन्होंने कहा, “जब हम उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कोशिश करते हैं, तो पुलिस नजरअंदाज कर देती है। इसी वजह से उन्हें बार-बार दुर्व्यवहार करने के लिए बढ़ावा मिलता है।”

शर्मा को मंगलवार को दिल्ली विधानसभा से दो दिन के लिए निलंबित कर दिया गया।

दिल्ल्ली विधानसभा में बेघर लोगों और रैन बसेरों पर चर्चा के दौरान शर्मा ने कथित तौर पर लांबा के खिलाफ टिप्पणी की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493