मोतिहारी, 1 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के एक बैंक से मंगलवार को अज्ञात अपराधियों ने तीन लाख रुपये से ज्यादा की राशि लूटकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक की गोविंदापुर शाखा में नकाबपोश आधे दर्जन बदमाशों ने धावा बोलकर 3.36 लाख रुपये लूट लिए। बोलेरो वाहन से पहुंचे बदमाशों ने बैंक के प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों को हथियार का भय दिखाकर कैश काउंटर पर रखे रुपये ले गए। इस दौरान प्रतिरोध करने पर दो चक्र हवाई फायरिंग भी की।
अरेराज के पुलिस उपाधीक्षक नुरुल हक ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिले की सीमा की नाकेबंदी कर छापेमारी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को वैशाली जिले के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के एक बैंक से सोमवार को अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने करीब 15 लाख रुपये लूट लिए थे। इसी दिन बदमाशों ने सीवान जिले के भगवानपुर थाना के सकरी गांव स्थित उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक से भी चार लाख रुपये लूटे थे।
dharmpath.com dharmpath