रुक-रुक कर हो रही बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ाई

चेन्नई, 6 दिसम्बर (आईएएनएस)। यहां रविवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने बाढ़ में फंसे हजारों लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

चेन्नई जैसे ही हालात तमिलनाडु के तिरुवल्लुर, कांचीपुरम और कड्डालोर में भी हैं। राज्य में बीते सौ सालों की सबसे तेज बारिश से 325 लोगों की मौत हो चुकी है।

बारिश के बावजूद चेन्नई के हर हिस्से में जलस्तर घट रहा है। लेकिन, लोगों की परेशानियां जस की तस बनी हुई हैं।

शहर के अधिकांश हिस्सों में बिजली नहीं है। वेस्ट माम्बलम में लोगों ने बिजली विभाग के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि पास के कुछ इलाकों में बिजली आ गई है, लेकिन उनके इलाके में नहीं आई है।

अधिकांश इलाकों में लोग जलभराव से परेशान हैं। हजारों लोगों ने फ्लाईओवर और ऊंचाई वाली जगहों पर शरण ली हुई है।

शहर में स्कूल-कॉलेज बंद हैं।

पानी, दूध जैसी चीजों को बहुत ज्यादा कीमत पर बेचने वाले भी सक्रिय हैं।

एक महिला ने कहा, “हमारे अपार्टमेंट में पानी भरा है। एक आदमी हम तक आया और 150 रुपये में दूध का पैकेट देकर गया। उसका अहसान है, कम से कम दूध तो मिला।”

लेकिन, बीते कुछ दिनों के मुकाबले शहर में दूध और सब्जी की आपूर्ति में काफी सुधार देखा जा रहा है।

ऐसा भी नहीं है कि सभी विक्रेता लोगों को अधिक कीमत पर सामान बेच रहे हों। मदद करने वाले भी कम नहीं हैं। मइलापोर के एक दुकान के मालिक मुथु ने आईएएनएस से कहा, “हमने दाम नहीं बढ़ाए हैं। सच तो यह है कि मैंने पका हुआ खाना वितरित किया है जिस पर मेरा 60 हजार रुपये खर्च हुआ है।”

स्वयंसेवी संस्थाएं प्रभावित लोगों के बीच खाद्य सामग्री बांटने में लगी हुई हैं। सेना का भी बचाव और राहत का काम जारी है।

लेकिन, इस बात की शिकायत भी की जा रही है कि उत्तरी चेन्नई के कई इलाकों में राहत सामग्री नहीं पहुंची है। इससे लोगों में काफी नाराजगी है।

अधिकारियों का कहना है कि बारिश और बाढ़ से दो लाख एकड़ में फैली धान, गन्ना और अन्य फसलें बर्बाद हो गई हैं।

दक्षिण रेलवे ने चेन्नई आने वाली तीन रेलगाड़ियों को निरस्त कर दिया है।

लेकिन, चेन्नई सेंट्रल और चेन्नई एग्मोर स्टेशनों से रविवार को ट्रेन सेवा फिर से शुरू कर दी गई।

जिन रेलगाड़ियों की सेवा रविवार को शुरू की गई उनमें चेन्नई-नई दिल्ली ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस, चेन्नई-मैसूर कावेरी एक्सप्रेस और चेन्नई-नई दिल्ली तमिलनाडु एक्सप्रेस शामिल हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493