नई दिल्ली, 6 दिसंबर (आईएएनएस)। इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि पूरे देश में मजदूरों की दिहाड़ी बढ़ाकर एक समान 500 रुपये की जाए।
इंटक के मुताबिक, अभी अलग-अलग राज्य में दिहाड़ी अलग-अलग है।
श्रमिक संघ ने सभी मजदूरों को हेल्थ कार्ड दिए जाने की भी मांग की, ताकि वे अस्पतालों में कैशलेस स्वास्थ्य उपचार हासिल कर सकें।
इंटक अध्यक्ष अशोक चौधरी ने एक बयान में कहा, “देश में दिहाड़ी मजदूरों की बुरी स्थिति है और यह दुख की बात है कि सरकार उनके कल्याण पर ध्यान नहीं दे रही है। अभी दिहाड़ी मजदूरों को अलग-अलग दिहाड़ी मिल रही है। किसी को 150 रुपये तो किसी को 180 रुपये मिल रहे हैं।”
चौधरी ने आईएएनएस से कहा, “मजदूरों के लिए कई अन्य कल्याणकारी योजनाएं भी नहीं लागू की जा रही हैं, जिसमें वर्षो तक काम करने के बाद भी उन्हें नियमित नहीं किया जाना शामिल है। हम चाहते हैं कि उन्हें तत्काल स्थायी किया जाए।”
संघ ने चीनी मिलों के मजदूरों के लिए पूरे साल के रोजगार की भी मांग की, न कि सिफ उत्पादन सत्र में। संघ ने महिला मजदूरों के लिए मातृत्व लाभ कानून लागू किए जाने की भी मांग की।
dharmpath.com dharmpath