यह घटना ललपुरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत उजनेड़ी के मजरा सिकरी की है। रजोली वर्मा प्रधान पद के उम्मीदवार थे। रजोली का भाई कल्लू वर्मा सफाईकर्मी है। वह परिवार के साथ हमीरपुर में रहता है। वह वोट डालने के लिए अपनी पत्नी व बच्चांे के साथ गांव आया था।
कल्लू का भाई लल्लू वर्मा गांव में रहता है। जिस वक्त पूरा परिवार गांव में वोट डालने व डलवाने में व्यस्त था, उसी वक्त कल्लू का पुत्र साहिल (13) और लल्लू का पुत्र सुरेश (11) दिन में करीब साढ़े तीन बजे गांव किनारे से बहने वाली नहर पर बने चेकडैम पर नहाने चले गए। दोनों बच्चों चेकडैम के किनारे कपड़े उतारकर रख चेकडैम में नहाने लगे। गहरे पानी में चले जाने के कारण दोनों डूब गए।
इस घटना के वक्त वहां कोई और नहीं था। देर रात तक जब दोनों बच्चे घर नहीं पहुंचे, तब इनकी तलाश शुरू हुई। रात 11 बजे दोनों के कपड़े चेकडैम किनारे मिले तो घटना से पुलिस को अवगत कराया गया।
रात में ही हलका इंचार्ज बीट सिपाहियों को साथ लेकर मौके पर गए। सिपाही उत्तम सिंह चेकडैम में उतरा, लेकिन शव नहीं मिल सके। तब सुबह जाल डालने का फैसला लिया गया। सुबह ग्रामीणों के सहयोग से थानाध्यक्ष शिवमिलन ने डैम में जाल डलवाया तो दोनों बच्चों के शव बाहर आ गए। दोनों के शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सुरेश (11) कक्षा सातवीं में गांव में ही पढ़ता था, जबकि साहिल (13) हमीरपुर में कक्षा आठवीं का छात्र था।
dharmpath.com dharmpath