माकपा से निष्कासित विधायक का विधानसभा से इस्तीफा (लीड-1)

अगरतला, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। त्रिपुरा में मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विधायक मनोरंजन अचार्जी ने पार्टी से निष्कासित किए जाने के बाद राज्य विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। साथ ही उन्होंने खुद पर लगे आरोपों का खंडन किया।

त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष रमेंद्र चंद्र देबनाथ ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि उन्होंने अचार्जी (54) का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

अचार्जी को एक महिला की शिकायत के बाद पार्टी से निष्कासित किया गया।

त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष देबनाथ ने आईएएनएस से कहा, “मैंने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और इस मुद्दे पर जल्द ही एक नोटिस भी जारी कर दिया जाएगा।”

अचार्जी वर्ष 2008 और फिर 2013 में बीरगंज निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव जीते थे।

इस मामले पर अचार्जी ने आईएएनएस को बताया, “मुझे पार्टी के उन सदस्यों द्वारा नीचा दिखाया गया, जो मुझे पसंद नहीं करते।”

अचार्जी ने आईएएनएस को अमरपुर से फोन पर बताया, “मैंने किसी भी नाबालिग लड़की के साथ कुछ गलत नहीं किया है। मेरे खिलाफ कोई भी प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज नहीं है।”

माकपा सूत्रों के अनुसार, अचार्जी को दक्षिणी त्रिपुरा के अमरपुर में एक महिला की शिकायत के बाद पार्टी से निष्कासित किया गया।

सूत्र ने कहा, “पार्टी ने एक आंतरिक जांच की। विधायक को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया।”

माकपा नेता बिजान धर ने बताया, “अचार्जी का जवाब संतोषजनक नहीं था। इसके बाद उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया और राज्य विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के लिए कहा गया।”

महिला ने मुख्यमंत्री माणिक सरकार के खिलाफ भी शिकायत की है।

माकपा ने त्रिपुरा के कुमारघाट से कुछ साल पहले यौन प्रताड़ना के आरोपों के कारण एक और वरिष्ठ नेता को पार्टी से निष्कासित किया था।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “अचार्जी के खिलाफ कोई भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। केवल पीड़िता के दादा जी ने उनके परिवार और व्यवसाय की पुलिस सुरक्षा की मांग की है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493