नई दिल्ली, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को नेशनल हेराल्ड मामले में पटियाला हाउस अदालत में पेश हुए, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।
दोनों कांग्रेसी नेता पटियाला हाउस अदालत के महानगर दंडाधिकारी लवलीन के समक्ष पेश हुए, जहां से उन्हें 50-50 हजार रुपये के मुचलके पर जमानत मिल गई।
दोनों कांग्रेस नेताओं की ओर से अदालत में पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने संवाददाताओं को बताया कि याचिकाकर्ता सुब्रमण्यम स्वामी ने दोनों कांग्रेस नेताओं की विदेश यात्रा पर रोक लगाने की याचिका दी थी, जिसे अदालत ने ठुकरा दिया।
इस मामले की अगली सुनवाई 20 फरवरी, 2016 को अपराह्न दो बजे होगी।
इसके तुरंत बाद ही सोनिया और राहुल गांधी अदालत परिसर से बाहर निकल गए।
अदालत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुब्रमण्यम स्वामी की याचिका पर सोनिया और राहुल को शनिवार को अदालत में पेश होने का आदेश दिया था।
स्वामी ने कांग्रेस के दोनों शीर्ष नेताओं पर एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) के यंग इंडिया लिमिटेड (वाईआईएल) द्वारा अधिग्रहण में धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। वाईआईएल में सोनिया और राहुल की 38-38 प्रतिशत की हिस्सेदारी है।
इस मामले में दोनों कांग्रेस नेताओं को पिछले साल 26 जून को निचली अदालत ने समन भेजा था, जिसे रद्द करने के लिए उन्होंने दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। हालांकि दिल्ली उच्च न्यायालय ने पिछले सप्ताह उनकी याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद निचली अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए 19 दिसम्बर की तिथि निर्धारित की थी।
dharmpath.com dharmpath