नई दिल्ली, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। राज्यसभा की कार्यवाही बुधवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले सदन में अयोध्या में राम मंदिर के मुद्दे पर हंगामा हुआ, जिसके कारण थोड़ी देर के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित की गई थी।
राज्यसभा में राम मंदिर का मुद्दा जनता दल (युनाइटेड) के नेता के.सी. त्यागी ने उठाया था।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में साम्प्रदायिक तनाव फैलाया जा रहा है। इस पर सरकार ने कहा कि वह इस मामले में अदालत के आदेशों से बंधी है।
त्यागी ने कहा, “अयोध्या में एक बार फिर वैसी ही स्थिति बनाई जा रही है, जैसी पहले थी। तनाव भड़काया जा रहा है।”
खबरों के अनुसार, राम जन्मभूमि न्यास (ट्रस्ट) ने अयोध्या में उस स्थान पर मंदिर निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है, जहां बाबरी मस्जिद गिराया गया था।
इसका जवाब देते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि उनकी पार्टी इस मामले में अदालत के आदेशों का अनुपालन करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, “पत्थरों को वर्ष 1990 से ही पॉलिश किया जा रहा है और जिस स्थान पर ऐसा किया जा रहा है, वह विवादित स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। दूसरा, सरकार और पार्टी (भाजपा) दोनों का मानना है कि अदालत के निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए और हम ऐसा करेंगे।”
उन्होंने कहा, “पत्थर तराशने पर कोई प्रतिबंध नहीं है। इसका अर्थ यह नहीं है कि राम मंदिर बनाया जा रहा है।”
इस मुद्दे पर हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही थोड़ी देर के लिए बाधित हुई।
dharmpath.com dharmpath