उप्र में सैफई महोत्सव का आगाज आज, अखिलेश-मुलायम रहेंगे मौजूद

सैफई, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के गांव में शनिवार को सैफई महोत्सव का रंगारंग आगाज होगा। चांदीराम स्टेडियम में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। रणवीर सिंह स्मृति सैफई महोत्सव 26 दिसम्बर से 11 जनवरी तक चलेगा।

कार्यक्रम के आयोजकों के मुताबिक, समता और संपन्नता विषय-वस्तु पर आधारित कार्यक्रम में करीब दो हजार स्कूली बच्चे प्रस्तुति देंगे। इटावा और मैनपुरी के स्कूली बच्चों द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर इनामी चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसका शीर्षक ‘धरती बचाओ’ और ‘ग्रीन यूपी, क्लीन यूपी’ होगा।

रात में देवी जागरण का कार्यक्रम जूनियर लक्खा एंड पार्टी और ब्रज के लोक नर्तक मुरारीलाल शर्मा प्रस्तुत करेंगे।

सैफई महोत्सव के लिए जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने सैफई में डेरा जमा लिया है। महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। अन्य जनपदों से आए पुलिस बल को भी उनकी ड्यूटी सौंपी जा चुकी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजिल सैनी के मुताबिक, भारी संख्या में पुलिस बल लगाया जा रहा है। सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

महोत्सव के उद्घाटन समारोह में सपा अध्यक्ष मुलायम, मुख्यमंत्री अखिलेश के अतिरिक्त रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव सहित परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे। प्रदेश सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493