वृंदावन, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। पानी के बिना मछली जिस प्रकार तड़पती है, उसी प्रकार कांग्रेस सत्ता के बिना तड़प रही है। इसी तड़प के कारण कांग्रेस संसद को चलने नहीं दे रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद साक्षी महाराज ने शनिवार को कांग्रेस के बारे में यह टिप्पणी की है।
उन्नाव से भाजपा संसद साक्षी ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में हुई करारी हार को कांग्रेस हजम नहीं कर पा रही है।
भाजपा नेता ने यहां संवाददाताओं से कहा कि हालांकि अन्य सभी विपक्षी दल संसद चलाने के लिए राजी थे, लेकिन कांग्रेस ने संसद नहीं चलने दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसा इसलिए कर रही है, क्योंकि वह चुनाव में मिली शर्मनाक हार को हजम नहीं कर पा रही है।
साक्षी ने कहा, “सत्ता के बिना कांग्रेस की हालत, जल बिन मछली जैसी है। इसलिए हम उसके दर्द को समझ सकते हैं।”
उल्लेखनीय है कि 23 दिसम्बर को संसद का शीतकालीन सत्र समाप्त हो गया।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बांके बिहारी मंदिर के अधिग्रहण की खबरों के बारे में साक्षी ने कहा कि शीतकालीन सत्र के दौरान उन्होंने यह मामला समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव और पार्टी महासचिव राम गोपाल यादव के समक्ष उठाया था, लेकिन दोनों ने ऐसे किसी कदम से इंकार किया है।
उन्नाव के सांसद ने भाजपा के भविष्य पर भी पूरा भरोसा जताया है।
उन्होंने कहा कि सभी 73 पार्टी सांसदों को अभी केवल अपनी जिम्मेदरियां ही नहीं सौंपी जानी चाहिए, बल्कि उन्हें अपने निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार करने को भी कहा जाना चाहिए, ताकि राज्य विधानसभा चुनाव में दो-तहाई बहुमत के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।
ज्ञात हो कि राज्य विधानसभा चुनाव 2017 के प्रारंभ में होने हैं।
dharmpath.com dharmpath