अहमदाबाद, 27 दिसंबर (आईएएनएस)। आरक्षण की मांग को लेकर रविवार को प्रदर्शन कर रहे पटेल समुदाय के सात कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। वे उत्तरी गुजरात के विसनगर में जबरन बाजार बंद कराने की कोशिश कर रहे थे।
पाटीदार अनामत आंदोलन समिति (पास) ने 26 अगस्त को हुई रैली के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा कथित गोलीबारी के खिलाफ रविवार को मेहसाना और विसनगर में बंद का आह्वान किया था। रैली के दौरान गोलीबारी में घायल आरक्षण समर्थक नेता मयूर पटेल की शनिवार को की मौत हो गई। इसके बाद पाटीदार समुदाय में आक्रोश एक बार फिर फूट पड़ा। गुस्साई भीड़ ने शनिवार को मेहसाना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में तोड़फोड़ की।
सैकड़ों लोगों ने शवयात्रा निकाली थी। उसी दौरान जब भीड़ ने पत्थर बरसाए और जिला भाजपा कार्यालय की खिड़कियों के कांच तोड़ दिए, तब भाजपा कार्यकर्ता कार्यालय छोड़कर भाग गए थे। बाद में पुलिस ने किसी भी अन्य हमले की आशंका को देखते हुए कार्यालय की घेराबंदी कर ली थी।
रविवार को पुलिस ने विसनगर के स्थानीय बाजार में दुकानों को जबरन बंद कराने की कोशिश कर रहे सात आरक्षण समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया।
dharmpath.com dharmpath