असम में स्मृति के खिलाफ कांग्रेस नेता की टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन

गुवाहाटी, 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मानव संसाधन एवं विकास मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ कांग्रेस नेता की आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सोमवार को प्रदर्शन किया।

भाजपा के कुछ विधायकों ने कांग्रेस नेता व असम के पूर्व मंत्री नोलामोनी सेन डेका के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई है, जिन्होंने रविवार को असम के नलबाड़ी जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए स्मृति के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। हालांकि बाद में उन्होंने इसे वापस ले लिया था।

हालांकि असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने डेका के बयान से खुद को अलग कर लिया है और कहा कि यह पार्टी की प्रदेश कमेटी का आधिकारिक विचार नहीं है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने डेका से माफी मांगने को कहा। साथ ही कांग्रेस से उन्हें पार्टी से निकालने की मांग की। उन्होंने गुवाहाटी के राजगढ़ इलाके में स्थित डेका के आवास के बाहर और राज्य के विभिन्न हिस्सों में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। भाजपा की महिला इकाई ने भी डेका के खिलाफ प्रदर्शन किया। कई स्थानों पर डेका का पुतला भी फूंका गया।

भाजपा नेता विजय गुप्ता ने कहा, “यदि कांग्रेस उन्हें पार्टी से नहीं निकालती है तो हम उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करेंगे।”

भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्र मोहन पटवारी ने कांग्रेस से डेका को निकालने की मांग करते हुए कहा कि वह विधायक और मंत्री बनने के बाद से ही इस तरह के विवादास्पद बयान देते आ रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493