भोपाल, 29 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर मंगलवार सुबह मौसम साफ रहा और शीतलहर का असर कम दिखा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान कोहरा छाने और पाला पड़ने की संभावना जताई है।
राज्य में मौसम साफ है और धूप खिली हुई है। शीतलहर का असर कुछ कम हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों के दौरान शीतलहर का असर बना रह सकता है और पाला पड़ने के साथ कोहरा भी छाने की संभावना है।
मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया है। राजधानी भोपाल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री, इंदौर में 12.4 डिग्री, ग्वालियर में 8.7 डिग्री और जबलपुर में 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं एक दिन पहले सोमवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री, इंदौर में 29.2 डिग्री, ग्वालियर में 27.4 और जबलपुर में 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath