नई दिल्ली, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अंतर्गत कार्यरत विशाखापट्टनम हवाईअड्डे को 11.45 एकड़ जमीन प्रदान करने को मंजूरी दी गई। इसके बराबर जमीन विशाखापट्टनम पोर्ट ट्रस्ट को मिलनी है, जहां कंटेनर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया बहु मॉडल लॉजिटिक्स पार्क का निर्माण करेगा।
यहां जारी एक बयान के अनुसार, जमीन के इस तरह के आदान-प्रदान से प्राधिकरण और ट्रस्ट दोनों को फायदा होगा। ट्रस्ट ने प्राधिकरण की मौजूदा जमीन पर अनवरत निर्माण विस्तार के तहत यह प्रस्ताव किया है और इससे विशाखापट्टनम हवाईअड्डे के भविष्य में होने वाली विकास योजनाओं के मद्देनजर प्राधिकरण को फायदा होगा। इसके अलावा, इस पार्क और दूसरे ग्राहकों से जुड़ी सुविधाओं के आने-जाने से आंध्र प्रदेश के व्यापक विस्तार में मदद मिलेगी।
बयान में कहा गया है कि इस विस्तार कार्यक्रम से विमानों से माल ढुलाई की क्षमता बढ़ने के अतिरिक्त रेल और सड़क मार्ग की एकीकृत सुविधाओं का भी विकास होगा। इस तरह राज्य की आर्थिक और व्यापारिक गतिविधियां भी बढें़गी।
कंटेनर कॉरपोरेशन एक सार्वजनिक कंपनी है और इसका संचालन रेल मंत्रालय करता है। कॉरपोरेशन को विशाखापट्टनम में 98 एकड़ जमीन पर लॉजिटिक्स पार्क बनाना है और इस जमीन को बंदरगाह न्यास लीज पर ले रहा है।
dharmpath.com dharmpath