छग : साइकिल से दफ्तर पहुंचे राजधानी के महापौर

महापौर दुबे ने नगर निगम स्थित अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि पर्यावरण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पहले नो व्हीकल डे (3 दिसंबर, 2015) को साइकिल रैली से रायपुर शहर की हवा सामान्य दिनों की तुलना में 29.1 प्रतिशत कम प्रदूषित थी।

उन्होंने कहा कि अगर एक दिन साइकिल चलाने से एवं अपना वाहन न चलाकर पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने से शहर की हवा का प्रदूषण 29.1 प्रतिशत कम हो सकता है तो सभी राजधानीवासी मिलकर शीघ्र ही प्रदूषण मुक्त रायपुर के संकल्प को व्यावहारिक रूप से अवश्य साकार कर सकते हैं।

महापौर ने यह भी बताया कि पहले नो व्हीकल डे के बाद से राजधानी रायपुर में साइकिल दुकानों से रिकार्ड तोड़ लगभग 10 हजार साइकिलों की बिक्री हुई है।

महापौर दुबे ने बताया कि दूसरे नो व्हीकल डे 3 जनवरी, 2016 (रविवार) को सुबह 7:15 बजे राजधानी शहर के जयस्तंभ चौक से साइकिल रैली निकलेगी एवं जीई रोड के आजाद चौक, विवेकानंद आश्रम चौक, लाखे नगर चौक, स्वामी विवेकानंद सरोवर बूढ़ातालाब मार्ग होकर नगर निगम के मुख्यालय भवन ‘व्हाइट हाउस’ के सामने नगर निगम उद्यान में पहुंचकर सभा में परिवर्तित होगी। वहां छत्तीसगढ़ी फिल्म कलाकार पद्मश्री अनुज शर्मा रायपुर को प्रदूषण मुक्त बनाने प्रत्येक माह में 3 तारीख को एक दिन साइकिल चलाने की सामूहिक शपथ दिलाएंगे।

साइकिल रैली में स्कूलों एवं कालेजों के विद्यार्थी, एनसीसी स्काउट गाइड के विद्यार्थी, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों के जुड़े बड़ी संख्या में नागरिक गण व छत्तीसगढ़ी फिल्म कलाकार साइकिल चलाकर समाज हित में पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय सहभागिता दर्ज करवाएंगे।

महापौर प्रमोद दुबे ने महापौर निवास कार्यालय से व्हाइट हाउस तक साइकिल चलाकर नववर्ष के पहले दिन सभी राजधानीवासियों को समाज हित में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493