हमीरपुर के पशु बाजार निवासी कुलदीप विश्वकर्मा की बेटी शशि (डेढ़ वर्ष) ठंड की चपेट में आ गई। परिजन उसे इलाज के लिए कानपुर ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया।
इसी तरह पंचमढ़ी के समीप रहने वाले छुन्ना खां की पत्नी इद्दन (57) ने ठंड की चपेट में आने से दम तोड़ दिया। कस्बे के गुरगुज थोक के निवासी जागेश्वर शिवहरे (65) शनिवार की रात बहू को प्रसव कराने सदर अस्पताल लेकर आए थे। ठंड लगने के कारण वह वहीं गश खाकर गिर गए। परिजनों ने इनका उपचार कराया। इन्हें आराम भी मिल गया और वह बाहर खड़ी गाड़ी में आकर लेट गए। कुछ देर बाद परिजनों ने देखा तो उनके प्राण पखेरू उड़ चुक थे। परिजनों का मानना है कि जागेश्वर की सर्दी लगने की वजह से मौत हो गई।
इसी तरह कस्बे के चांदथोक मोहाल निवासी भैरम खंगार (55) शनिवार रात ठंड की चपेट में आ गया। उसने घर पर ही दम तोड़ दिया।
कस्बे का दिनेश भुर्जी (52) शराब के नशे में घर आया और पत्नी, बच्चों से झगड़ा करने के बाद बाहर बरामदे में जाकर सो गया। ठंड लग जाने से उसकी मौत हो गई।
उधर बलिया जिले के सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के भड़िकरा गांव में ठंड की चपेट में आने से एक 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग विंध्याचल खेत में पानी चला रहे थे। उसी समय वे कांपने लगे। किसी तरह भागकर वह घर के समीप पहुंचे, लेकिन दरवाजे पर ही गिर पड़े। जब तक घर के लोग कुछ समझ पाते, तब तक वह बेहोश हो चुके थे। परिजन उसे सीएचसी सिकंदरपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
dharmpath.com dharmpath