डीडीसीए में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ता रहूंगा : कीर्ति

कोच्चि, 10 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निलंबित सांसद कीर्ति आजाद ने रविवार को कहा कि वह दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए)में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग जारी रखेंगे।

बिहार के दरभंगा से भाजपा सांसद कीर्ति ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात का समय मांगा है और उनके जवाब का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, “मुझे कोई नहीं रोक सकता। मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रखूंगा।”

कीर्ति ने कहा, “मुझे खुशी है कि भाजपा इस मुद्दे पर जल्द संसदीय दल की एक बैठक बुलाने जा रही है। मुझे पार्टी से जुड़े 24 साल हो गए हैं। मुझे नहीं मालूम कि मुझसे क्या गलती हुई।”

उन्होंने कहा, “मैं अरुण जेटली को (डीडीसीए के पूर्व अध्यक्ष एवं मौजूदा वित्त मंत्री) 200 पत्र व 500 ईमेल लिख चुका हूं। मैं इस मुद्दे को किसी के विरोध में नहीं उठा रहूं हूं। मेरा उद्देश्य भ्रष्टाचार से लड़ना है।”

कीर्ति ने कहा कि दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम का 58 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण हुआ, लेकिन बिल एवं वाउचर केवल 25 करोड़ रुपये के उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा, “अगर किसी को भ्रष्टाचार करना सीखना है, तो इसका सर्वश्रेष्ठ तरीका है कि वह डीडीसीए से जुड़ जाए।”

अपने खिलाफ दर्ज मानहानि के मुकदमे के बारे में उन्होंने कहा कि यह उन्हें उनकी बात साबित करने में मदद करेगा।

उन्हें पार्टी ने 23 दिसंबर को ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’ की वजह से भाजपा से निलंबित कर दिया। कीर्ति ने आरोप लगाया था कि जेटली की अध्यक्षता में डीडीसीए में 13 वर्षो तक जमकर भ्रष्टाचार हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493