महोबा (उप्र), 23 जनवरी (आईएएनएस)। सूखे की समस्या से जूझ रहे बुंदेलखंड के किसानों की हालत का जायजा लेने निकले कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को एक किसान गोकुल प्रसाद के घर जा पहुंचे और उसके परिवार की रसोई में बैठकर रोटी-सब्जी खाई। परिवार के सदस्यों से खुलकर चर्चा की और उनकी समस्याओं को जाना।
राहुल गांधी शनिवार को महोबा जिले के प्रवास पर आए। उन्होंने इस दौरान किसानों और महिलाओं से उनकी समस्याएं भी जानीं। सूपा से लाड़पुर तक पदयात्रा के दौरान राहुल सड़क किनारे बने गोकुल प्रसाद के घर जा पहुंचे। दोपहर का वक्त था, गोकुल के परिजनों ने उनसे भोजन का आग्रह किया तो वह सहज ही राजी हो गए।
राहुल के आने से गोकुल की बेटी मिथिला फूली नहीं समा रही। उसने संवाददाताओं को बताया कि राहुल गांधी ने उसके घर में बनी रोटी-सब्जी खाई। वहीं गोकुल ने बताया कि क्षेत्र में सूखा के चलते फसल चौपट हो गई है और मवेशियों को खिलाने के लिए चारा नहीं है।
गोकुल के घर में कांग्रेस उपाध्यक्ष लगभग आधा घंटे तक रहे। इस दौरान उन्होंने परिवार की महिलाओं से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को जाना। महिलाओं ने पानी के घोर संकट का जिक्र किया।
dharmpath.com dharmpath