अरुणाचल में गणतंत्र दिवस के दिन संविधान की हत्या : कांग्रेस

नई दिल्ली, 26 जनवरी (आईएएनएस)। अरुणाचल प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने पर मंगलवार को कांग्रेस ने नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह ‘गणतंत्र दिवस के दिन लोकतंत्र की हत्या’ है।

कांग्रेस ने मामले पर सुनवाई कर रहे सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आने का इंतजार न करने के लिए केंद्र सरकार को कोसा और उस पर सर्वोच्च न्यायालय का अपमान करने का आरोप भी लगाया।

कांग्रेस प्रवक्ता टॉम वाडक्कन ने कहा, “गणतंत्र दिवस के दिन संविधान और लोकतंत्र की हत्या कर दी गई। केंद्र सरकार देश के संघीय ढांचे को ध्वस्त करने की कोशिश कर रही है। मामला सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष विचाराधीन है और इस बीच जिस तेजी से केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस पर फैसला लिया और कार्यवाही की गई, उससे साफ पता चलता है कि वे देश की शीर्ष अदालत का जरा भी सम्मान नहीं करते।”

कांग्रेस ने अरुणाचल प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने की केंद्रीय मंत्रिमंडल की सिफारिश के खिलाफ सोमवार को सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी।

वाडक्कन ने कहा, “वे अदालत का फैसला आ जाने तक इंतजार कर सकते थे, लेकिन उन्होंने एक संवेदनशील राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करवाने के लिए बला की तेजी दिखाई। हालांकि राज्य में इससे पहले या मौजूदा समय में कानून व्यवस्था के भंग होने का कोई संकेत नहीं था। यह पूरा घटनाक्रम ‘खरीद-फरोख्त’ को वैधता प्रदान करने के लिए पहले से तय योजना का संकेत देता है, जिसे एक सत्तारूढ़ मंत्री ने अंजाम दिया।”

उन्होंने आगे कहा, “हमें सर्वोच्च न्यायालय से न्याय की उम्मीद है, इसलिए हम अदालत में विचाराधीन इस मामले पर कोई अतिरिक्त टिप्पणी नहीं करेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493