ग्वालियर में निर्यातक-आयातक सम्मिलन 29 जनवरी से

ग्वालियर, 27 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में तीन दिवसीय ‘रिवर्स बायर-सेलर मीट-एमपी एक्सपोर्टेक-2016’ का आयोजन किया जा रहा है। 29 जनवरी से शुरू हो रही इस एक्सपोर्टेक में 25 देशों के 75 खरीददार हिस्सा ले रहे हैं।

उद्योग विभाग की ओर से बुधवार को दी गई जानकारी में बताया गया है कि प्रदेश के उद्यमियों को नई दिशा देने और उनके उत्पादन को निर्यात की संभावनाओं को तलाशने के लिए 29 से 31 जनवरी तक ग्वालियर में ‘रिवर्स बायर-सेलर मीट-एमपी एक्सपोर्टेक-2016’ का आयोजन किया जा रहा है।

इस सम्मिलन का उद्घाटन केंद्रीय इस्पात मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे। राज्य की वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया विशेष अतिथि होंगी।

वाणिज्य मंत्रालय, भारत सरकार और वाणिज्य उद्योग एवं रोजगार, मध्यप्रदेश शासन तथा सीआईआई के संयुक्त तत्वावधान में ग्वालियर के एक्सपोर्ट फेसिलिटेशन सेंटर में होने जा रही इस मीट में हर तरह के आयातक और निर्यातक शामिल होंगे। इसमें 25 देश के आयातक शामिल होंगे। वहीं 100 से ज्यादा निर्यातकों के हिस्सा लेने की संभावना है।

इस एक्सपो के माध्यम से न सिर्फ निर्यातकों को अपने उत्पाद की खासियत बताने का मौका मिलेगा, बल्कि वे कई अन्य देशों के आयातकों से एकसाथ प्रत्यक्ष रू-ब-रू हो सकेंगे। इनमें प्रदेश के फार्मास्युटिकल्स, इंजीनियरिंग गुड्स, प्रोसेस्ड तथा अनप्रोसेस्ड फूड, टेक्सटाइल्स, हैंडलूम, आयुर्वेद हर्बल प्रोडक्ट्स से जुड़े उद्यमी शामिल होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493