उप्र : न्यायमूर्ति संजय मिश्रा ने ली लोकायुक्त पद की शपथ

लखनऊ, 31 जनवरी (आईएएनएस)। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय मिश्र ने रविवार को उत्तर प्रदेश के नए लोकायुक्त पद की शपथ ली। राज्यपाल राम नाईक ने उन्हें राजभवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी मौजूद थे।

उप्र में लोकायुक्त के नाम पर मुख्यमंत्री, विपक्ष के नेता और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के बीच सहमति नहीं बन पाने से नाराज सर्वोच्च न्यायालय ने विशेषाधिकार का उपयोग करते हुए इस पद के लिए राज्य सरकार की ओर से भेजे गए पांच नामों में से न्यायमूर्ति संजय मिश्रा के नाम पर मुहर लगा दी थी।

देश की शीर्ष अदालत ने 16 दिसंबर को भी पांच नामों में शामिल न्यायमूर्ति वीरेंद्र सिंह के नाम पर मुहर लगाई थी, लेकिन बाद में दायर एक याचिका से उसे पता चला कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को न्यायमूर्ति वीरेंद्र सिंह के नाम पर आपत्ति थी।

नए लोकायुक्त न्यायमूर्ति संजय मिश्रा इलाहाबाद के मूल निवासी हैं। उनका जन्म 19 नवंबर, 1952 को हुआ था। उनकी छवि साफ-सुथरी मानी जाती है। उन्होंने दिसंबर, 1977 में अपना कॅरिअर शुरू किया था।

इलाहाबाद हाईकोर्ट में उनकी नियुक्ति 24 सितंबर, 2004 को हुई थी। उन्हें पहले एडिशनल जज बनाया गया। 18 अगस्त2005 को वह पूर्णकालिक न्यायाधीश बनाए गए। इलाहाबाद में उन्होंने 18 नवंबर, 2014 तक सेवा दी। नवंबर, 2014 में वह हाईकोर्ट से सेवानिवृत्त हो गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493